छत्तीसगढ़

आवास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

सीईओ अंकिता सोम सख्त: एक सप्ताह में निर्माण शुरू करने के आदेश 2024-25 में स्वीकृत पीएम आवासों को 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश

एमसीबी/12 मार्च 2026/ जिले में आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती अंकिता सोम ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कम प्रगति वाले ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों के साथ योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-26 में स्वीकृत अप्रारंभ और अपूर्ण आवासों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही पीएम जनमन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत 90 दिवस रोजगार से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीईओ श्रीमती अंकिता सोम ने निर्देश देते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों को आवास की पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है लेकिन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, ऐसे सभी आवासों का कार्य अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध हो, इसलिए सभी अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने वर्ष 2024-25 में द्वितीय किस्त प्राप्त कर चुके सभी आवासों को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जनमन योजना के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त प्राप्त आवासों को भी निर्धारित समय सीमा तक पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को भी तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला समन्वयक, विकासखंड समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!