छत्तीसगढ़

जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

विद्यार्थियों ने जीवंत किया लोकतांत्रिक माहौल, तर्कपूर्ण बहस से दिखाई नेतृत्व क्षमता

एमसीबी/07 मार्च 2026/ युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से सेजस स्कूल मनेन्द्रगढ़ में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मीरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंड मनेन्द्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने लोकसभा की कार्यवाही का प्रभावशाली मंचन करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीवंत झलक प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रीमंडल के सदस्य और सांसदों की भूमिका निभाते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तर्कपूर्ण बहस और संवाद का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में शपथ ग्रहण, प्रश्नकाल, शून्यकाल, संविधान संशोधन तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा जैसी संसदीय प्रक्रियाओं का सजीव चित्रण किया गया। विद्यार्थियों की प्रभावशाली वक्तृत्व शैली, तार्किक प्रस्तुति और आत्मविश्वास ने उपस्थित जनों को काफी प्रभावित किया।


इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मीरे ने कहा कि युवा संसद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान युवा सांसद का प्रतिनिधित्व कर चुके शिवम जायसवाल से मोबाइल के माध्यम से विद्यार्थियों की बातचीत भी कराई गई। इस संवाद ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना वैष्णव सहित जे.एल. भास्कर, सूर्याेदय सिंह, गौरव त्रिपाठी, कलेश्वर पैकरा, पारस मणि, वीरेन्द्र पाण्डेय, सुषमा कुजूर, टी. विजय गोपाल राव, नारायण तिवारी, मधुमिता चौधरी, नीलम दुबे, मनीषा तिवारी, इरफान खान, सरिता मिश्रा, आराधना एक्का, शिव चौधरी और सुरुचि नमिता पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!