छत्तीसगढ़

शासकीय हाई स्कूल कंजिया में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, छात्रों को मिला समग्र स्वास्थ्य का संदेश

एमसीबी/09 फरवरी 2026/ स्वास्थ्य विभाग जनकपुर के तत्वावधान में विगत 06 फरवरी 2026 को शासकीय हाई स्कूल कंजिया में एक प्रभावशाली एवं बहुउद्देशीय स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शारीरिक, मानसिक एवं नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

मानसिक स्वास्थ्य, आयुष एवं नेत्र सुरक्षा पर विशेष फोकस
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। आयुष चिकित्सा के अंतर्गत जीवनशैली सुधार, प्राकृतिक उपचार पद्धतियों और रोगों से बचाव के सरल तरीकों पर प्रकाश डाला गया। वहीं बाल नेत्र सुरक्षा के तहत बच्चों की आंखों की जांच की गई और डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों से बचाव के सुझाव दिए गए।

विशेषज्ञों की सहभागिता से कार्यक्रम को मिली मजबूती
इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. रमन के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया गया। आयुष मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिवपाल सिंह ने विद्यार्थियों को आयुष एवं प्राकृतिक चिकित्सा के लाभों से अवगत कराया। विकास खंड कार्यक्रम प्रबंधक सुलेमान खान ने आयोजन एवं प्रबंधन में सक्रिय सहभागिता निभाई। नेत्र सहायक अधिकारी आर. एस. चेचाम द्वारा विद्यार्थियों की आंखों की सूक्ष्म जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।

ग्रामीण बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की सशक्त पहल
कार्यक्रम को लेकर स्कूल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के समग्र विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित रहा, बल्कि विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देने में भी सफल सिद्ध हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!