छत्तीसगढ़

खड़गवां को मिली कृषि शिक्षा की नई पहचान, 9.46 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र।

किसानों और युवाओं के लिए शिक्षा, शोध और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

एमसीबी | खड़गवां। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड में सोमवार का दिन विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक बन गया। कृषि शिक्षा को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र खड़गवां के नवीन भवन का विधिवत भूमिपूजन सम्पन्न हुआ।

लगभग 9 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक भवन आने वाले वर्षों में क्षेत्रीय कृषि, अनुसंधान और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा।

शुभ अवसर पर आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के प्रभारी मंत्री एवं आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की।

वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सभी जनप्रतिनिधियों ने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

क्षेत्रीय विकास की धुरी बनेगा कृषि महाविद्यालय

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि खड़गवां में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह संस्थान किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, युवाओं को कृषि आधारित उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने और क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्वीकृति से साकार हुई है।
उन्होंने कहा कि जिले की अधिकांश आबादी खेती पर निर्भर है।

ऐसे में कृषि महाविद्यालय किसानों को उन्नत खेती, फसल विविधीकरण और आय बढ़ाने के आधुनिक तरीकों से जोड़ेगा।

इससे किसान एक से अधिक फसल लेकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकेंगे।

आधुनिक खेती और बहु-आय मॉडल पर जोर

प्रभारी मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पारंपरिक खेती के साथ-साथ मोटे अनाज, दलहन-तिलहन, कम पानी में अधिक उत्पादन वाली फसलें, मछली पालन, पशुपालन और मुर्गी पालन को बढ़ावा दे रही है।

कृषि अनुसंधान केंद्र के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और नवाचार से जोड़ा जाएगा।


उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्र में नवीन पशु औषधालय भवन, कृषि महाविद्यालय में छात्रावास एवं आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं की स्वीकृति की घोषणा भी की।

शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य में निरंतर प्रगति

अध्यक्षीय संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि खड़गवां विकासखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में इस क्षेत्र में कई स्कूल, कॉलेज, एकलव्य विद्यालय, स्वामी आत्मानंद विद्यालय और अब कृषि महाविद्यालय की स्थापना हुई है।


उन्होंने आगे कहा कि सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं में भी बड़े स्तर पर कार्य चल रहे हैं। मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और सैकड़ों सड़क परियोजनाएं जिले को नई पहचान दे रही हैं। उन्होंने सरकार के सहयोग और प्रभारी मंत्री के प्रयासों की सराहना की।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही व्यापक भागीदारी

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायतों के सरपंच, वरिष्ठ नागरिक, किसान, छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन में उत्साह, उम्मीद और विकास की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!