छत्तीसगढ़

विश्व श्रवण दिवस 2026 के अवसर पर विशेष श्रवण-जांच अभियान, 462 बच्चों की जांच

एमसीबी/03 मार्च 2026/ विश्व श्रवण दिवस 2026 के अवसर पर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत विद्यालयों में विशेष श्रवण-जांच अभियान का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर जिला एमसीबी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा प्राथमिक कक्षाओं में अध्ययनरत बच्चों की सुनने की क्षमता का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
“चलो चलें, प्राइमरी क्लास रूम की ओर-हर बच्चे को श्रवण शक्ति जाँच की सुविधा दें” थीम पर आधारित इस अभियान के अंतर्गत RBSK चिकित्सा टीमों ने कुल 9 विद्यालयों में पहुँचकर 462 छात्र-छात्राओं का श्रवण परीक्षण किया। जाँच के दौरान 5 बच्चों में कान एवं श्रवण संबंधी संभावित विकार पाए गए, जिन्हें विशेषज्ञ परामर्श हेतु तत्काल ENT विशेषज्ञ के पास रेफर किया गया।
अगले ही दिन से सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ की ENT ओपीडी में विशेषज्ञ द्वारा सभी रेफर प्रकरणों की विधिवत जाँच शुरू कर दी गई। विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा बच्चों का विस्तृत ओटोस्कोपिक परीक्षण, श्रवण मूल्यांकन एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। आवश्यकता अनुसार आगे की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
उल्लेखनीय है कि सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ ENT विशेषज्ञ द्वारा अपने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात से ही कान, नाक एवं गला संबंधी समस्याओं के समाधान तथा राष्ट्रीय बधिरता नियंत्रण एवं श्रवण दोष निवारण कार्यक्रम (NPPCD) के अंतर्गत श्रवण-बाधा की पहचान, उपचार एवं जन-जागरूकता हेतु सतत कार्य किया जा रहा है। जिले में NPPCD के माध्यम से नियमित श्रवण-जांच, परामर्श, रेफरल एवं उपचार सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विद्यालयों में आयोजित शिविरों के दौरान टीम द्वारा बच्चों का ओटोस्कोपिक परीक्षण, बेसिक हियरिंग स्क्रीनिंग तथा कान-संबंधी लक्षणों का मूल्यांकन किया गया। साथ ही शिक्षकों एवं अभिभावकों को श्रवण स्वास्थ्य के महत्व, समय पर उपचार की आवश्यकता तथा श्रवण-बाधा का बच्चों की सीखने की क्षमता पर पड़ने वाले प्रभाव के संबंध में जागरूक किया गया।
जिला स्वास्थ्य समिति, RBSK एवं NPPCD के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न यह अभियान इस संकल्प को और सुदृढ़ करता है कि सुनने में बाधा के कारण कोई भी बच्चा अपनी शिक्षा या समग्र विकास में पीछे न रह जाए।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग एमसीबी द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी बच्चे या वयस्क में सुनने में कमी, कान में आवाज आना, बार-बार संक्रमण या अन्य श्रवण संबंधी समस्या के लक्षण दिखाई दें, तो वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क कर निःशुल्क परामर्श एवं जांच सुविधा का लाभ अवश्य उठाएँ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!