सड़क हादसे में मेंड्रा निवासी युवक की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान

खड़गवां। एमसीबी जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में ग्राम पंचायत मेंड्रा निवासी एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मेंड्रा निवासी पुष्पेंद्र सिंह (35 वर्ष), पिता स्व. गुलाब सिंह अपने घर से खड़गवां के जनकपुर स्थित अपने साडू भाई के घर जा रहा था। इसी दौरान शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे शिवपुर बाजार के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि युवक दोपहिया वाहन से जा रहा था और उसने हेलमेट भी नहीं पहना था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उसका शव सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर खड़गवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे पहले भी खड़गवां के कॉलेज पास एक हादसा हुआ था, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद वाहन चालक यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
पुलिस द्वारा समय-समय पर यातायात जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को हेलमेट पहनने और नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर लोग अपनी सुरक्षा को लेकर कब गंभीर होंगे। फिलहाल इस घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।




